साध्वी निरंजन ज्योति ने I.N.D.I.A गठबंधन पर कसा तंज, सिद्धांत विहीन बताया

लोकसभा चुनाव में भी होगा मध्य प्रदेश वाला हश्र

महोबा: केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने महोबा में विपक्षी गठबंधन इंडिया एलायंस पर तीखा तंज कसा। उन्होंने इंडिया एलायंस पर तंज करते हुए कहा कि बिना सिद्धांत के जो भी गठबंधन बनता है वो सफल नहीं होता। इसलिए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सभी दल अलग अलग लड़ रहे है और 24 के लोकसभा चुनाव में भी यही हश्र होने वाला है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश चुनाव प्रचार से वापस लौटते हुए केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति यहां महोबा में कार्यकर्ताओं से मिली। जहां बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान शहर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मध्य प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में बहुमत से जीत हासिल करने का दावा किया। साध्वी निरंजन ज्योति दिल्ली के सीएम केजरीवाल पर भी सीधा निशाना साधते हुए ईमानदारी का लबादा ओढ़े होने की बात कही। उन्होंने अखिलेश यादव की मध्य प्रदेश में होने वाली महारैली को लेकर निशाना साधा और कहा कि अभी महा गठबंधन बन रहा था और अब महारैली हो रही है। इससे कोई फायदा नहीं होगा।