MP: सिवनी में SF जवानों को ले जा रही बस पलटी, हादसे में तीन की मौत

सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जनपद के केवलारी थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। लोपा गांव के पास 35वीं बटालियन के एसएफ जवानों को ले जा रही बस कार से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 पुलिसकर्मी घायल हो गए और उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मंडला के रहने वाले कुछ लोग नागपुर से इलाज कराकर कार से वापस घर जा रहे थे। इस दौरान पुलिस जवानों को लेकर सिवनी आ रही बस की धानागढ़ के पास कार से टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार अशोक कुकरेजा, ममता जसवानी, निखलेश जसवानी, कन्हैया जसवानी और पुरूषोत्तम उर्फ काजू महोबिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बस में सवार करीब 26 जवान भी घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को समुदाय सिविल अस्पताल केवलारी में भर्ती कराया। जहां, डॉक्टरों ने कार सवार घायल निखलेश जसवानी, कन्हैया जसवानी और पुरुषोत्तम उर्फ काजू महिपाल को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिस जवानों का अस्पताल में इलाज रहा है।

बताया जा रहा है कि सड़क खराब होने के कारण वाहन असंतुलित हो गए थे और आपस में टकरा गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल अशोक कुकरेजा, ममता जसवानी और मदन भांडे को नागपुर रेफर किया गया है।