एनआईए ने जब्त की खालिस्तानी आतंकी पन्नू की संपत्तियां

खालिस्तानी आतंकी पन्नू के खिलाफ NIA का बड़ा एक्शन, चंडीगढ़ और अमृतसर में संपत्ति की जब्त

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने खालिस्तान समर्थक और प्रतिबंधन संगठन सिख फॉर जस्टिस के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। NIA ने चंडीगढ़ और अमृतसर में कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्तियों को जब्त कर लिया है। बता दें कि खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू अमृतसर का रहने वाला है और NIA ने उस पर इनाम भी घोषित कर रखा है।

गुरपतवंत सिंह पन्नू कनाडा में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल रहता है। भारत में पन्नू के खिलाफ देशविरोधी साजिश रचने समेत कुल 7 केस दर्ज हैं। भारत की तरफ से कनाडा को कई बार पन्नू के गुनाहों की जानकारी दी गई, लेकिन कनाडा सरकार ने आतंकी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को एनआईए ने चंडीगढ़ में खालिस्तानी गुरपतवंत पन्नू के सेक्टर 15 वाले घर को जब्त कर लिया। आतंकी गतिविधियों में शामिल रहने वाले पन्नू की चंडीगढ़ की एक कोठी का एक चौथाई हिस्सा है, जिसे एनआईए ने जब्त किया है।

इस दौरान एनआईए की टीम करीब आधा घंटा यहां मौजूद रही और घर के बाहर नोटिस बोर्ड लगा दिया। इसी क्रम में अमृतसर के खानकोट गांव में पन्नू की 46 कनाल एग्रीकल्चरल लैंड को भी जब्त किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2020 में गुरपतवंत सिंह पन्नू को भगोड़ा घोषित करते हुए उसकी संपत्तियों को कुर्क किया गया था। जानकारी के मुताबिक उस समय कुर्की होने का मतलब था कि वो अपनी संपत्ति को बेच नहीं सकता था। लेकिन इस बार जब्त हुई संपत्तियों पर से उसका मालिकाना हक छीन लिया गया है। पन्नू की ये संपत्तियां अब सरकारी हो गई हैं।