1st Nov Ad

रोजगार के नए अवसर सृजित करने में कारगर बन रही पेइंग गेस्ट योजना

योगी सरकार की इस योजना से अवध की थाली का स्वाद भी चखेगी दुनिया

अयोध्या: योगी सरकार की ‘नव्य अयोध्या’ परियोजना साकार रूप लेने लगी है। इस ‘नव्य अयोध्या’ में आने वाले आगंतुकों के लिए उप्र पर्यटन विभाग की पेइंग गेस्ट योजना वरदान साबित हो रही है। यह योजना जहां प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक योगदान दे रही है, वहीं रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है। रामनगरी में इस योजना के तहत अभी तक 600 लोगों ने आवेदन किए हैं, जबकि 464 लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जा चुका है। योजना के जरिए उप्र प्रदेश पर्यटन विभाग अवध की थाली के स्वाद के तड़के को साधु-संतों व देश-विदेश से आने वाले अतिथियों तक नई पहचान दिलाएगा। यही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के तहत होम स्टे में मिलेट्स के व्यंजन परोसे जाने पर भी जोर दिया जा रहा है। यात्रियों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के रहने का उत्तम प्रबंध सुनिश्चित कर रही पेइंग गेस्ट योजना के जरिए रामनगरी में रोजगार के भी अवसर वृहद स्तर पर सृजित किए जा रहे हैं।