PM मोदी इस दिन करेंगे पनकी धाम और फतेहपुर स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण, तैयारियां तेज

कानपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 17 जुलाई को प्रयागराज मंडल के 3 ऐसे रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे, जो नए लुक और अतिरिक्त सुविधाओं संग बनकर तैयार है. कानपुर के रेलवे अफसरों को जो जानकारी मंत्रालय से दी गई है, उसके मुताबिक पीएम हरियाणा के जिंद से पनकी धाम, फतेहपुर और विंध्याचल स्टेशन की सौगात जनता को देंगे.

जानकारी मिलने के बाद अब रेलवे के अफसरों ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं. कुछ दिनों पहले ही पनकी धाम स्टेशन को लेकर उसमें दी जाने वाली नई सुविधाओं, नए लुक समेत अन्य जानकारियों को बताया था.

डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने कहा कि पनकी धाम स्टेशन पूरी तरह बनकर तैयार है. यहां अमृत भारत योजना के तहत यात्रियों के लिए कई नई सुविधाओं को बढ़ाया गया है. श्रमशक्ति समेत कुछ ट्रेनों (पैसेंजर्स) का इस स्टेशन पर अभी ठहराव है. जल्द ही कुछ और ट्रेनों के ठहराव को लेकर मंथन जारी है.

डिप्टी सीटीएम ने बताया कि पनकी धाम स्टेशन पर डबल स्टोरी अत्याधुनिक स्टेशन भवन, बड़ा प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाऊंज, आधुनिक टिकटिंग एरिया, विस्तारित एवं नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था और उन्नत यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है.

यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, 6 मीटर चौड़ा अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज बनाया गया है. जिसमें रैंप और लिफ्ट जैसी सुविधाएं होंगी. स्टेशन परिसर के 4500 वर्गमीटर क्षेत्र को सर्कुलेटिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है. जहां अलग-अलग प्रवेश मार्ग, पार्किंग, हरित क्षेत्र और बाधारहित आवागमन की व्यवस्था भी है.