अमित शाह से सीएम योगी की मुलाकात, यूपी को लेकर दिल्ली में मंथन तेज

लखनऊ: केंद्रीय मंत्रिमंडल में परिवर्तन की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली में हैं. मुख्यमंत्री ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. दोनों नेताओं ने करीब 20 मिनट तक भेंट वार्ता की. केंद्रीय मंत्रिमंडल में परिवर्तन होने की संभावना है जिसमें उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेताओं को भी स्थान मिल सकता है जिसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ चर्चा हुई है.

यूपी के नेताओं को मिल सकती है जगह: योगी आदित्यनाथ, सीएम यूपी ने बैठक की समाप्ति के बाद X पर कहा, “नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की. अमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार.” माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है. इसमें कुछ लोकसभा और कुछ राज्यसभा सांसद हो सकते हैं. निकट भविष्य में मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार संभावित है.

राष्ट्रीय संगठन में भी बदलाव की सुगबुगाहट: इसके साथ ही राष्ट्रीय संगठन में भी परिवर्तन होने हैं जिसमें उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधित्व को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अमित शाह की महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना बताई जा रही है. फिलहाल मुख्यमंत्री की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है मगर जिस माहौल में मुख्यमंत्री दिल्ली गए हैं, उसमें निश्चित तौर पर राष्ट्रीय संगठन और केंद्रीय मंत्रिमंडल में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधित्व को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई है. इसके अलावा 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और सरकार के महत्वपूर्ण अभियानों को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महत्वपूर्ण निर्देश दे रहा है. ताकि 2027 विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी 2017 और 2022 जैसे प्रदर्शन को दोहरा सके.

2027 चुनाव फतह करने की रणनीति तैयार: खासतौर पर समाजवादी पार्टी के पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक समीकरण की काट किस तरह से करनी है, इस पर मंथन किया गया है. इसके साथ ही 2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली पराजय को किस तरह से भूल कर नई शुरुआत करनी है, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई है.