संदेशखाली पीड़ित बीजेपी प्रत्याशी से पीएम मोदी ने की बात, कहा- शक्ति स्वरूपा

नई दिल्ली/कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (26 मार्च) को बशीरहाट की भारतीय जनता पार्टी की प्रत्‍याशी रेखा पात्रा से बात की। उन्‍होंने रेखा को शक्ति स्वरूपा बताया। रेखा ने ही संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं के यौन शोषण का मुद्दा उठाया था। काफी विवाद के बाद मुख्य आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख को 29 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने रेखा पात्रा के चुनाव कैंपेन और उन्हें अपनी पार्टी की तरफ से दिए जा रहे समर्थन के बारे में भी जानकारी जुटाई। संदेशखाली के सूत्र बताते हैं कि विक्टिम रेखा पात्रा ने उत्तम सरदार के थप्पड़ मारने वाली बात गांव में बताई तो लोग भड़क गए। उसी दिन तय किया कि अब बर्दाश्त नहीं करेंगे। आंदोलन की रणनीति बनी और संदेशखाली में शाहजहां शेख का विरोध शुरू हो गया।

शुभेंदु अधिकारी ने आगे किया था नाम

जानकारी के अनुसार, टिकट के लिए गैंगरेप विक्टिम रेखा पात्रा का नाम बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने आगे किया था। हालांकि, एक और विक्टिम का नाम भी चल रहा था। इन्हीं महिलाओं ने शाहजहां शेख के लोगों पर दुष्‍कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था। संदेशखाली का मामला सामने के बाद शुभेंदु अधिकारी लगातार वहां जा रहे थे। उन्होंने विक्टिम महिलाओं से मुलाकात भी की थी।