बीजेपी अधिवेशन में PM बोले- कांग्रेस देश बांटने में जुटी, दुनिया जानती है कि आएगा मोदी ही

नई दिल्‍ली: देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन रविवार (18 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ खत्म हो गया। उन्‍होंने अपने 64 मिनट के भाषण में कार्यकर्ताओं को ऊर्जा से काम करने का मंत्र दिया। वहीं, कांग्रेस सहित विपक्ष पर निशाना साधते हुए 10 साल की अपनी सरकार की उपलब्धियां भी बताईं। इस दौरान उन्‍होंने ये भी कहा कि दुनिया का हर देश, हर शक्ति जानती है, आएगा तो मोदी ही।

इस अधिवेशन में यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक श्वेत पत्र जारी किया गया। इसके अलावा राम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने श्रीराम मंदिर निर्माण पर प्रस्ताव पेश किया।

कार्यकर्ताओं के लिए अगले 100 दिन नई उमंग-नए जोश के हैं: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन में उपस्थित और देश के कोने-कोने से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं का मैं अभिनंदन करता हूं। भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन चौबीसों घंटे देश की सेवा के लिए कुछ ना कुछ करता ही रहता है। अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने के हैं।

आज 18 फरवरी है। देश के नए युवा जो 18 वर्ष के हुए हैं, वो 18वीं लोकसभा का चुनाव करेंगे। अगले 100 दिन हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग-हर समाज, हर एक तक पहुंचना है। सबका विश्वास हासिल करना है। सबका प्रयास होगा देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलें।

कांग्रेस ने सेना की हर उपलब्धि पर उठाए सवाल

कांग्रेस अस्थिरता की जननी है, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की जननी है। 70 के दशक में जब देश में गुस्सा बढ़ा तो उसने अस्थिरता का सहारा लिया। हर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया। आज भी साजिशें कर रहे हैं। जो गठबंधन बनाया, उसका भी यही काम है। ये कभी भाषा तो कभी क्षेत्र के आधार पर देश को बांटने में लगे रहे।

सबसे बड़ा पाप ये रहा कि देश की सेनाओं का मनोबल तोड़ने में भी पीछे नहीं रहे। सुरक्षा और सामरिक शक्ति को कम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सेना ने उपलब्धि हासिल की तो कांग्रेस ने हर बार सवाल उठाया। उन लोगों ने पूरी कोशिश की कि देश को राफेल ना मिल पाए। कहा कि HAL को खत्म किया जा रहा है। फोटो तक खिंचवा ली थी। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाए और सबूत मांगे।