1st Nov Ad

पुलिस और राजस्‍व विभाग की जांच पूरी, अब अतीक-अशरफ की 50 करोड़ की जमीन कुर्क होगी

प्रयागराज: उमेश पाल हत्याकांड के बाद आईएस-227 गैंग के सरगना माफिया अतीक अहमद और अशरफ अहमद व उनके गैंग मेंबर्स के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई अब तक जारी है। अतीक-अशरफ की भले ही हत्या हो गई, लेकिन माफिया की नामी-बेनामी संपत्तियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अब अतीक-अशरफ की 50 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की कीमत की जमीन पुलिस कुर्क करने की तैयारी में है।

पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। राजस्व विभाग की जांच भी पूरी हो गई है। जल्द ही इस जमीन को कुर्क करने के लिए गैंगस्टर कोर्ट भेजा जाएगा। जांच में जुटी पुलिस टीमों ने अतीक और अशरफ के नाम रही कसारी मसारी की एक जमीन को खोज निकाला है। पॉश इलाके में यह जमीन 15 हजार 550 वर्ग मीटर है। जमीन की कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। यह जमीन सीलिंग की बताई जा रही है। इसकी जांच हो रही है कि स्टेट लैंड सीलिंग की इस जमीन को अतीक अशरफ ने अपने नाम कैसे करा लिया।

2002 में दर्ज हुई अतीक ब्रादर्स के नाम

वर्ष 2002 में अतीक-अशरफ के नाम यह जमीन दर्ज कराई गई। उससे पहले टिंबर सरदार के नाम यह जमीन दर्ज थी। अतीक-अशरफ से उससे यह जमीन कैसे हथियाई यह पता लगाया जा रहा है। अपने नाम जमीन कराने के बाद माफिया ने यहां गैंग मेंबरों, नौकरों को बसा दिया था। डेयरी, पंचर की दुकान समेत अन्य नौकर आदि यहां रहने लगे। पुलिस ने राजस्व विभाग से इसकी रिपोर्ट तैयार कराई है। अब गैंगस्टर एक्ट के तहत माफिया की इस जमीन को कुर्क करने की तैयारी है।