21st Nov Header Ad

महिला ने जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के गेट के पास खुद को लगाई आग, हालत गंभीर में अस्‍पताल में भर्ती

लखनऊ: राजधानी के गौतमपल्ली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के गेट के पास एक महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। महिला को जलता देख, वहां हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिसकर्मी महिला को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, उन्नाव के पुरवा में छत्ताखेड़ा गांव की रहने वाली महिला अंजली जाटव मंगलवार को बच्चे के साथ सीएम दरबार पहुंची थीं। वहां से निकलने के बाद वह जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के गेट नंबर तीन के पास पहुंची और वहां बैठी रहीं। कुछ देर अपने बच्चे को सड़क किनारे बैठा दिया, फिर उन्होंने अपने बैग से ज्वलनशील पदार्थ निकाला खुद छिड़क कर आग लगा ली। आग लगते ही महिला चीखने चिल्लाने लगी। यह देख वहां खड़े पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन महिला पर कंबल फेंक आग बुझाई। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दहेज प्रताड़ना के मामले में जेल में है पति

DCP मध्य रवीना त्यागी ने बताया- गौतम पल्ली एरिया के विक्रमादित्य मार्ग पर महिला ने आत्मदाह करने की कोशिश की है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की वजह से उसने यह कदम उठाया। आगे की जांच की जा रही है। महिला 70 फीसदी जल चुकी है। महिला के खिलाफ पुरवा थाने में मुकदमा दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, इंस्पेक्टर गौतमपल्ली वेद प्रकाश राय के अनुसार, महिला का इलाज चल रहा है। महिला ने कुछ समय पहले दहेज प्रताड़ना का मुकदमा अपने पति व ससुरालीजनों पर दर्ज कराया था। मामले में पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। मामले की जांच की जा रही है।