1st Nov Ad

यूपी के गाजियाबाद में एयरबेस के सेफ हाउस में शेख हसीना, बढ़ा VVIP गाड़ियों का मूवमेंट

गाजियाबाद: बांग्लादेश में बढ़ी हिंसा के बाद देश छोड़कर आईं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले के हिंडन एयरबेस पर नाइट स्टे किया। वो मंगलवार सुबह तक भी भारतीय वायुसेना के सेफ हाउस में मौजूद हैं। उनकी सुरक्षा में गरुण कमांडो लगे हुए हैं।

सोमवार देर रात खबरें आईं कि शेख हसीना रात एक बजे के आसपास अज्ञात स्थान के लिए निकल सकती हैं। इसके बाद ये खबरें आईं कि उन्हें यहां तक लेकर आए बांग्लादेश वायुसेना के विमान C 130 सुपर हरक्यूलिस को पश्चिम बंगाल के पानागढ़ एयरबेस पर तब तक पार्क किया जाएगा, जब तक शेख हसीना की आगे की यात्रा की मंजूरी नहीं मिल जाती।

यूपी पुलिस के अधिकारी पहुंचे

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह यूपी पुलिस के अधिकारी हिंडन एयरबेस पहुंचे। साथ में 2 VVIP गाड़ियां भी एयरबेस के अंदर गईं हैं। हिंडन एयरबेस पर कई VVIP गाड़ियों का मूवमेंट बढ़ा है। काले रंग की कई गाड़ियां सुबह एयरबेस के मुख्य गेट से अंदर की तरफ जाती देखी गई हैं। कुछ लोग बता रहे हैं कि ये गाड़ियां बांग्लादेश दूतावास की भी हो सकती हैं।

खबर ये भी है कि शेख हसीना की बेटी दोपहर ढाई बजे के आसपास उनसे मुलाकात करने के लिए हिंडन एयरबेस पहुंच सकती हैं। उनकी बेटी इस वक्त दिल्ली में मौजूद बताई गई हैं। सुबह 9 बजे जिस विमान ने हिंडन एयरबेस से ढाका के लिए उड़ान भरी थी, उसमें 7 मिलिट्री पर्सनल थे। शेख हसीना अभी तक यहां एयरबेस के सेफ हाउस में मौजूद हैं।

क्लीयरेंस नहीं मिलने से आगे की यात्रा अटकी

बता दें कि शेख हसीना के विमान ने सोमवार शाम 5 बजकर 36 मिनट पर गाजियाबाद में भारतीय वायुसेना के हिंडन एयरबेस पर लैंड किया था। तब से शेख हसीना एयरबेस पर ही सेफ हाउस में मौजूद हैं। सूत्रों का कहना है कि वे लंदन जाने की तैयारी में हैं, लेकिन क्लीयरेंस नहीं मिलने से उनकी आगे जाने की यात्रा अटकी हुई है।

सोमवार शाम में हिंडन एयरबेस पर NSA अजीत डोभाल ने भी मुलाकात की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, शेख हसीना दिल्ली से लंदन रवाना हो सकती हैं। उसके बाद वह फिनलैंड या दूसरे देश जा सकती हैं। हालांकि, अभी तक कुछ भी कन्फर्म नहीं है।