भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उद्देश्य को बताएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, जानिए कैसे

लखनऊ: काँग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में आज से ज्योत से ज्योत जलाते चलो कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। उन्होने बताया, आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।  इस दौरान प्रख्यात कविजन सुर संगम के माध्यम से कविता पाठ कर सुर सागर सजाएंगे।

अंशू अवस्थी ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में इससे पहले पूरे प्रदेश में मंडल, ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के नेताओं कार्यकर्ताओं ने आयोजन किया था। जिसमें आम जनमानस का काफी समर्थन मिला, लोगों के उत्साह और समर्थन मिलने के बाद,  आज से ज्योत से ज्योत जलाते चलो कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह कार्यक्रम 6 फरवरी से 12 फरवरी तक पूरे प्रदेश में जनपद स्तर, मंडल स्तर, ब्लॉक स्तर, एवम न्याय पंचायत स्तर तक चलेगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।

अंशू अवस्थी ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में शुरू हो रहे इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक/कल्चरल गतिविधियों के माध्यम से आम जनमानस को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उद्देश्य और राहुल गांधी के द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के जो पांच न्याय हैं उनके बारे में विस्तार से बताया जायेगा।

ये पांच न्याय – युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, आर्थिक न्याय, भागीदारी न्याय, जिनको लेकर राहुल गांधी पूरे देश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से अलख जगा रहे हैं।