11th Nov Header

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से हो रही बारिश, लोगों को गर्मी से मिली राहत

नई दिल्‍ली: दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। बुधवार सुबह बारिश से मौसम सुहाना बन गया। इससे पहले मंगलवार को जहां कई इलाकों में हल्की बारिश देखी गई थी, जिससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया था। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

दिल्ली के अक्षरधाम समेत अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है। जिससे सड़कें लबालब हो गईं। बारिश से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इससे अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

मंगलवार से छाए रहे हल्‍के बादल

मंगलवार को सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। इसके बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। वहीं, मयूर विहार में 8.5, पालम में 6.6, पूसा में 6.0, पीतमपुरा में 3.5, आया नगर में 0.7 एमएम, लोदी रोड व रिज में बारिश ट्रेस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जोकि सामान्य है। वहीं, शाम को भी तेज हवा चली। इससे तापमान में कमी देखने को मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को आया नगर सर्वाधिक गर्म इलाका रहा। यहां अधिकतम 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, पालम व लोधी रोड में 35, रिज में 33.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया। सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।