रामगोपाल यादव को राम मंदिर अच्छा नहीं लगेगा, ये तो आतंकवादियों को जेल से छुड़ाते थे: सीएम योगी

एटा: सूबे के मुखिया योगी आदित्‍यनाथ ने बुधवार (8 मई) को एटा में फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उनकी सभा अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के डीएवी मैदान में हुई। इस दौरान उन्‍होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया।

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि जो पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे, बेटियों के लिए परेशानी बनते थे, व्यापारियों के लिए मुसीबत बनते थे, आज उनके गले में तख्ती देखकर अच्छा लगता है न। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि रामगोपाल यादव को राम मंदिर अच्छा नहीं लगेगा, ये लोग तो आतंकवादियों को जेल से छुड़ाते थे। उन्‍होंने कहा कि सपा को नौजवानों की चिंता नहीं थी, बेटियों की चिंता नहीं थी, व्यापारियों की चिंता नहीं थी। इन्हें आतंकवादियों की चिंता थी। साल 2012 में सरकार बनने के बाद सबसे पहले आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेने का फैसला दिया था। अब लोगों को विकास और सुरक्षा पर विश्वास हुआ है।

डबल इंजन सरकार देखेगी लोगों की सुरक्षा और विकास का काम

सीएम योगी ने कहा कि मोदी की यही गांरटी है कि गुलामी की आदत से छुटकारा दिलाना है, लोगों की विरासत को सहेजना है। सभी लोग अपना काम करें। लोगों की सुरक्षा और विकास का काम लखनऊ और दिल्ली की सरकार देख लेगी। उन्‍होंने कहा कि आज विश्व में भारत का परचन लहरा रहा है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाया जा रहा है। भारत सरियत और जिहाद से नहीं चलेगा। भारत बाबा साहेब के संविधान से चलेगा। बाब साहेब के समय में लोग भूखों मरते थे, आज सभी को फ्री राशन मिलता है।

उन्‍होंने कहा कि आज हर परिवार को आयुष्मान भारत के कार्ड से पांच लाख तक का फ्री इलाज मिलता है। इसके अलावा जिसके पास यह कार्ड नहीं है, वह मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक या खुद सरकार को पत्र लिखे, यदि वह इलाज नहीं करा पा रहा तो सरकार उसका इलाज कराती है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि पहले नौकरियां सरकार में बैठे लोग हड़प जाते थे। आज नौजवान के नौकरियों में सेंध लगाने वाले लोगों को जेल में डाल रहे हैं। कहा कि सपा कार्यकाल में प्रयागराज में राजू पाल की हत्या हुई। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की मौत पर एक भी संवेदना के आंसू नहीं निकाले। आज पूरे देश में एक ही लहर है, फिर एक बार मोदी सरकार।