1st Nov Ad

रामलला हो रहे विराजमान, देश भर के बड़े मंदिरों में हो रहा गुणगान

प्राण प्रतिष्ठा के पहले राममय हुए काशी विश्वनाथ

अयोध्या: श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे सिर्फ रामभक्तों में ही नहीं, बल्कि देश भर के पौराणिक महत्व वाले मंदिरों में भी उत्सव की तैयारियां हो रही हैं। 22 जनवरी को इस उत्सव से पहले विभिन्न पौराणिक मंदिरों की ओर से भगवान राम का गुणगान करते हुए भक्तों से इस दिन दीपोत्सव, भजन-कीर्तन एवं श्रीराम साधना की अपील की गई है। उल्लेखनीय है कि सीएम योगी और पीएम मोदी भी इस आयोजन से पहले लोगों से अपने करीब के मंदिरों में साफ सफाई और राम संकीर्तन की अपील कर चुके हैं। साथ ही सभी से आग्रह किया गया है कि लोग अपने घरों में दीपोत्सव के माध्यम से राम ज्योति अवश्य प्रज्ज्वलित करें।

सालासर बालाजी धाम मंदिर के एक्स हैंडल से पूरे देश को इस नई दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। हैंडल से किए गए पोस्ट में कहा गया है कि 500 वर्षों से जिस घड़ी का हम सब को इंतजार था वो आ गई है। अपने प्रभु के दर्शन हो गए हैं। प्रभु अपने सिंहासन पर विराजमान हो गए हैं। आज हर एक रामभगत ‘जय श्री राम’लिखकर प्रभु को समर्पित करे। इसी तरह, श्री महाकालेश्वर उज्जैन के एक्स हैंडल से श्रीरामलला की छवि को पोस्ट करते हुए उनके दर्शनों का वर्णन किया गया है। वहीं, केदारनाथ टेंपल श्राइन बोर्ड की ओर से प्राण प्रतिष्ठा किए जाने वाले श्रीरामलला के विग्रह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा गया है मेरे राघव। एक अन्य पोस्ट में 500 वर्षों की प्रतीक्षा का जिक्र किया गया है तो एक पोस्ट में छवि साझा करते हुए कहा गया है प्रथम दर्शन बालस्वरूप भगवान।