देश के इन हिस्सों में लू का रेड अलर्ट, 10 राज्यों में मिलेगी गर्मी से राहत

नई दिल्लीः देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों को आज भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा में लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, कोंकण, गोवा, केरल, माहे और आंतरिक कर्नाटक में 30 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है।

महिलाओं के लिए एडवाइजरी

वहीँ, इस मौसम में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना महत्वपूर्ण है। गर्भवती महिलाओं को केवल सूती कपड़े पहनने चाहिए और उन्हें दोपहर में अपने घरों से बाहर निकलने से बचना चाहिए। उन्हें अधिक तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। नवजात शिशुओं के लिए अत्यधिक गर्मी से त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए पार्क में बच्चों को भेजने से परहेज करें।

इन राज्यों के लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी मध्य प्रदेश में 27 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि, आंधी और बिजली के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है। बारिश और तेज हवाएं चलने से इन राज्यों के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं, 29 अप्रैल तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा राज्यों में गरज के साथ छिटपुट वर्षा होगी। इस बीच, 28 अप्रैल को सिक्किम में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।