21st Nov Header Ad

राजस्‍थान के राजसमंद में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन की छत गिरी, चार लोगों की मौत

राजसमंद: राजस्‍थान के राजसमंद जिले में नाथद्वारा उपखण्ड के सायों का खेड़ा ग्राम पंचायत के चिकलवास में निजी मद से बने रहे सामुदायिक भवन की निर्माणाधीन छत गिरने के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। इसमें चार लोगों की दबने से मौत हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, चिकलवास में मेघवाल समाज के सामुदायिक भवन की 20 दिन पहले छत की आरसीसी का काम पूरा हुआ था। तीन दिन से आरसीसी के नीचे से सपोर्ट हटाए जा रहे थे। सोमवार देर रात गांव के मेघवाल समाज के लोग रात्रि के समय भवन के नीचे सफाई का काम कर रहे थे कि अचानक छत गिर गई। छत के नीचे गिरने से वहां मौजूद लोग नीचे दब गए।

घटना के बाद मौके पर चीखे सुनाई दी, जिसके बाद गांव के और लोग भी यहा पहुंचे। छत के नीचे दबे घायलों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। जहां दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कलेक्टर डा भंवर लाल सहित एसपी मनीष त्रिपाठी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

इस घटना के बाद गांव में मेघवाल बस्ती निवासी भगवती लाल (35) पुत्र रोड़ी लाल, शांति लाल (40) पुत्र नारू लाल मेघवाल ,कालू लाल (41) पुत्र वेणी राम, भवर लाल (52) पुत्र लच्छी राम मेघवाल की छत के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद सुबह एडीएम नरेश बुनकर, एसडीएम अजय अमरावत, खमनोर विकास अधिकारी हनुवीर सिंह विश्नोई नाथद्वारा सीआई लीलाधर मालवीय, खमनोर थानाधिकारी भगवान सिंह मौके पर पहुंचकर एलएनटी मशीन से घटना स्थल से करीब 2 घण्टे की मशक्कत के बाद मलबा हटाया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 24 जून को चिकलवास के ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी को शिकायत थी, जिसमें बताया कि चिकलवास की चारनोट भूमि आराजी न. 504, 505 है। यह चारनोट भूमि गांव के मवेशियों में चरने के लिए है। गांव के वार्ड पंच हीरालाल सालवी, भोली राम सालवी व सायों खेड़ा सरपंच द्वारा अवैध अतिक्रमण कर मंदिर बना रहे है। शिकायत के बाद तहसीलदार को जांच रिपोर्ट के भेजा, जिसके बाद पटवारी ने मौके की जांच कर निर्माण रुकवाया था, जिसके बाद फिर वापस काम शुरू हो गया।