अमेठी में स्मृति ईरानी बोलीं- वायनाड में आतंकी संगठन के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे राहुल गांधी

अमेठी: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार (11 अप्रैल) को मेदन मवई में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि राहुल गांधी ने वायनाड से नामांकन के दौरान लिखकर घोषित किया कि वायनाड हमारा घर है। जब वह राहुल गांधी का घर है तो अमेठी क्या है? उन्‍होंने कहा कि मैंने लोगों को रंग बदलते देखा है। परिवार बदलते पहली बार राहुल गांधी को देखा है। राहुल गांधी आतंकी संगठन के साथ मिलकर वायानाड का चुनाव लड़ रहे हैं।

स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस लगातार यहां सत्ता में रही लेकिन कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। उन्होंने सरकार की नीतियों पर प्रकाश डाला। कहा कि आज 4 लाख 20 हजार किसानों को अमेठी लोकसभा में 6 हजार रुपए सालाना मिल रहा है। पांच सालों में 1 लाख 14 हजार गरीबों के आवास बनवाए जा रहे हैं। अमेठी लोकसभा में 19 लाख लोगों को राशन मिला है साथ ही चार लाख से ज्यादा परिवारों को शौचालय मिला है।

कांग्रेस ने गरीबों के लिए शौचालय तक नहीं बनवाया

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि 50 साल तक एक छत्र राज कांग्रेस का अमेठी में था, लेकिन कांग्रेस ने गरीबों के लिए शौचालय तक नहीं बनवाया। कांग्रेस चाहती थी कि गरीब हमेशा गरीब ही रहें और अमीरों के आगे हमेशा हाथ फैलाता रहे। इस दौरान सांसद ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। इस कार्यक्रम में अमेठी विधानसभा के 54 ग्राम प्रधान, पूर्व ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और पूर्व ब्लाक प्रमुख शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव मौजूद रहे।