सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का निधन, अखिलेश यादव ने जताया शोक 

संभल: समाजवादी पार्टी सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का मंगलवार (27 फरवरी) को निधन हो गया। 93 वर्षीय बर्क को करीब 20 दिन पहले किडनी में इन्फेक्शन बढ़ने के बाद मुरादाबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। इस खबर पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

सिद्ध अस्पताल के एमडी डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का आज सुबह 9 बजे दिल का दौरा पड़ा। करीब 9.45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। छह दिन पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उनसे मिलने के लिए मुरादाबाद पहुंचे थे।

उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे संभल पहुंचा है। घर के बाहर समर्थकों की भीड़ है। परिवार के लोगों के मुताबिक, उनके पौत्र जियाउर्रहमान बर्क़ के संभल पहुंचने के बाद संभल में ही सुपुर्द-ए-खाक रस्म होगी।

सपा की लोकसभा प्रत्याशी की लिस्ट में शामिल थे डॉ. बर्क

डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का जन्म 11 जुलाई, 1930 को उत्तर प्रदेश के संभल में हुआ था। 1974 में उनका सियासी सफर शुरू हुआ। डॉ. बर्क पार्लियामेंट में सबसे बुजुर्ग सांसद थे। उन्हें यूपी में बड़े मुस्लिम नेता के रूप में जाना जाता था। वह 5 बार के सांसद और 4 बार विधायक रहे।

सपा ने 30 जनवरी को लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की थी। 16 प्रत्याशियों में डॉ. बर्क को भी जगह मिली थी। 57 साल के सियासी सफर में वह अपने आक्रामक बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहे।