11th Nov Header

महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में फूट, उद्धव के बाद प्रकाश अंबेडकर ने भी किया प्रत्‍याशियों का ऐलान

मुंबई: महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी मुश्किलों में घिरा नजर आ रहा है। बुधवार (27 मार्च) को शिवसेना उद्धव गुट ने 17 उम्‍मीदवारों का ऐलान किया। इनमें तीन सीटों पर कांग्रेस के दावेदार टिकट का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय निरुपम नाराज हैं, वे मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से लोकसभा लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें खुद राहुल गांधी ने टिकट का भरोसा दिया था।

उद्धव गुट ने यहां अमोल कीर्तिकर को टिकट दिया, जिन्हें खिचड़ी घोटाले में ईडी ने समन भेजा है। मुंबई साउथ-सेंट्रल और सांगली सीटों पर भी कांग्रेस के नेता टिकट मिलने की उम्मीद कर रहे थे। उधर, वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) नेता प्रकाश अंबेडकर ने भी एमवीए से अलग लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बुधवार को आठ प्रत्‍याशियों के नामों का ऐलान किया।

महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में फूट

महाविकास अघाड़ी से गठबंधन से इनकार

इनके अलावा स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने महाविकास अघाड़ी के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। एमवीए ने हातकणंगले की सीट शेट्टी को देना का प्रस्ताव दिया था।

हमने अपनी नाराजगी शीर्ष नेतृत्व को बता दी है: मुंबई कांग्रेस अध्‍यक्ष

मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने सोशल मीडिया पर लिखा- सांगली और मुंबई की जिस लोकसभा सीट को लेकर गठबंधन में कुछ भी तय नहीं हुआ था। शिवसेना उद्धव गुट को वहां एकतरफा उम्मीदवार घोषित नही करना चाहिए था। हमने अपनी नाराजगी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को जता दी है। उनके आदेश के बाद अगला कदम उठाया जाएगा।

मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट हमारी: शिवसेना

​​​शिवसेना उद्धव गुट के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट हमारी शिवसेना की है वो हमें मिली है। संजय निरुपम कांग्रेस से बात करें ना की मीडिया में। उनके पास अगर विकल्प है तो उनको शुभकामनाएं।