लोकसभा चुनाव के लिए सपा की 5वीं लिस्‍ट जारी, छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने शनिवार (16 मार्च) को प्रत्‍याशियों की 5वीं लिस्‍ट जारी कर दी है। इस बार पार्टी ने छह प्रत्‍याशियों के टिकट का ऐलान किया है।

समाजवादी पार्टी ने आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव, इटावा से जितेंद्र दोहरे, गौतमबुद्धनगर से महेंद्र नागर, सुलतानपुर से भीम निषाद, मिश्रिक से मनोज कुमार राजवंशी और जालौन से नारायण दास आहिरवार को मैदान में उतारा है।

43 सीटों पर प्रत्‍याशियों की घोषणा

इससे पहले समाजवादी पार्टी 37 नामों का घोषणा कर चुकी थी। अब 5वीं लिस्‍ट के बाद से अब यह संख्या 43 हो गई है। हालांकि, यह संख्या वास्तविकता में 41 है, क्योंकि इंडिया गठबंधन होने के बाद वाराणसी लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में चली गई है तो पार्टी को वहां से अपना उम्मीदवार हटाना होगा। इसके अलावा संभल से सांसद रहे शफीकुर्रहमान बर्क का निधन हो गया है।

सपा ने उनके निधन से पहले उनके नाम का एलान कर दिया था तो ऐसे में अब वहां भी उम्मीदवार की घोषणा करनी होगी। यह देखना रोचक होगा कि बर्क की जगह पर सपा किसके नाम पर मुहर लगाती है।