बैठक में शिक्षकों ने बनाई महाहड़ताल की रणनीति

महेश कुमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विवेक संगठन मंत्री बने

बस्ती: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रेस क्लब सभागार में पेंशन बहाली संयुक्त मंच ‘एनजेसीए’ राष्ट्रीय नेतृत्व के आवाहन पर किये जा रहे आन्दोलनों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी मार्च माह में होने वाले महाहड़ताल के तैयारी पर विचार किया गया। निर्णय लिया गया कि 19 से 22 जनवरी तक क्षेत्रीय संगठनों की बैठक होगी जिसमें पुरानी पेंशन बहाली को लेकर योगदान पर रणनीति तंय की जायेगी। इसी कड़ी में महेश कुमार को सर्व सम्मत से जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष और विवेक कुमार को जिला संगठन मंत्री का दायित्व सौंपा गया।

बैठक में शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने कहा कि आगामी 23 जनवरी से 5 फरवरी तक सभी पदाधिकारी अपने क्षेत्र के विद्यालयों पर भ्रमण कर होने वाले महाहड़ताल के बारे में जागरूक करने के साथ ही सदस्यता अभियान भी चलायेंगे। कहा कि एकजुटता से ही पुरानी पेंशन बहाल हो सकेगी। बताया कि 5 फरवरी के बाद जनपद संगठन क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास क्षेत्र के बीआरसी केन्द्रों पर शिक्षकों की बैठक कर रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने संगठन के निर्णय के पालन का बचन देने के साथ ही महेश कुमार को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त किया।