स्पोर्ट्स डेस्क: टीम इंडिया और जिम्बाब्वे के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला शनिवार (13 जुलाई) को खेला गया। भारत ने आज 10 विकेट से हराकर जिम्बाब्वे के खिलाफ चौथा टी-20 मैच जीत लिया है। इस मैच में शुभमन गिल और अर्धशतक के बीच 156 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े।
इससे पहले भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए हैं। जिम्बाब्वे के लिए पहले बल्लेबाजी करने उतरे मधवेरे और मारुमानी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 63 रनों की विशाल साझेदारी हुई जिसे अभिषेक ने नौवें ओवर में तोड़ा। उन्होंने मारुमानी को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, मधवेरे 25 रन बनाकर आउट हुए। टीम को तीसरा झटका ब्रायन बेनेट के रूप में लगा जो सिर्फ नौ रन बना पाए।
खलील अहमद ने झटके दो विकेट
इसके बाद मोर्चा सिकंदर रजा ने संभालने की कोशिश की। हालांकि, जिम्बाब्वे का बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक पाए। कैंपबेल तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टीम को पांचवां झटका कप्तान रजा के रूप में लगा जो 28 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। दिलचस्प बात यह है कि इस मुकाबले में डेब्यू कर रहे तुषार देशपांडे ने उन्हें आउट किया। रजा के रूप में उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली सफलता मिली। इस मैच में मायर्स ने 12, मदांडे ने सात और अकरम ने चार (नाबाद) रन बनाए। भारत के लिए खलील अहमद ने दो विकेट चटकाए, जबकि देशपांडे, सुंदर, अभिषेक और शिवम को एक-एक विकेट मिला।