सीएम योगी की सभा में जा रही बस हुई हादसे का शिकार, 20 से ज्यादा लोग घायल

रामपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा में शामिल होने आ रही यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रामपुर जिले में हुए इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की सूचना के बाद बड़े स्तर पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।

रामपुर में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा प्रस्तावित है। वह लगभग 1000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी सतर्क है। इससे पहले मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह व जिलाधिकारी के साथ ही शहर विधायक ने भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

सीएम योगी फिजिकल कॉलेज के मैदान में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वितों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। इससे पहले शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम प्रशासन को मिल गया। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री रामपुर आकर जनता को करोड़ों की विकास कार्यों की सौगात देंगे।