जिनके अपने होश ठिकाने में नहीं, वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने करखियांव में 13 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी की धरती से इंडी गठबंधन को सीधे सीधे निशाने पर लिया। बनास काशी संकुल के उद्घाटन समारोह और पूर्वांचल के लिए 13 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरांत पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि दशकों के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण ने यूपी को पिछड़ा रखा। यूपी को बीमारू राज्य बनाया गया, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस के शाही परिवार का कहना है कि काशी के नौजवान नशेड़ी हैं। मोदी को गाली देते देते दो दशक बिता दिये, अब ये लोग यूपी के नौजवानों पर फ्रस्टेशन निकाल रहे हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं है वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं।

परिवारवादियों को वही पसंद आते हैं जो दिन रात इनकी जय जयकार करें 

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को ललकारते हुए कहा कि काशी और यूपी का नौजवान विकसित यूपी बनाने में जुटा है। अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है। यूपी के युवा कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा किया गया अपमान कभी नहीं भूलेंगे। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि परिवारवादी हमेशा युवा शक्ति और टैलेंट से डरते हैं। उन्हें लगता है कि सामान्य युवा को अवसर मिला तो वह हर जगह चुनौती देगा। इन्हें वही पसंद आते हैं जो दिन रात इनकी जय जयकार करते रहें।

जिनके अपने होश ठिकाने में नहीं, वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि इनके गुस्से और बौखलाहट का एक और कारण यह है कि इन्हें काशी और अयोध्या का नया स्वरूप पसंद नहीं आ रहा है। ये राममंदिर को लेकर कैसी कैसी बातों से हमला करते हैं। मुझे नहीं पता था कि कांग्रेस को प्रभु श्रीराम से इतनी नफरत है। ये अपने परिवार और वोट बैंक से बाहर कुछ सोच ही नहीं पाते। जब चुनाव आता है तो ये लोग साथ आते हैं। जब परिणाम नील बटा सन्नाटा होता है तो एक दूसरे को गाली देकर अलग हो जाते हैं।

उन्‍होंने भोजपुरी में इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि ‘ई बनारस हव इहां सब गुरू ह, इहां इंडी गठबंधन क पैंतरा ना चली। बनारस नाहीं पूरे यूपी के पता हव कि माल वही है पैकिंग नई है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार तो इनको जमानत बचाने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ेगा।

भारत के सामर्थ्य का सबसे प्रचंड कार्यकाल होगा मोदी का तीसरा कार्यकाल

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी है, हर लाभार्थी को शत-प्रतिशत लाभ। मोदी लाभार्थी के सैचुरेशन की गारंटी दे रहा है। तो यूपी ने भी सारी सीटें मोदी को देने का निर्णय किया है। इस बार यूपी सभी सीटें एनडीए के नाम करने वाला है। मोदी का तीसरा कार्यकाल पूरी दुनिया में भारत के सामर्थ्य का सबसे प्रचंड कार्यकाल होने वाला है। इसमें सामरिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक हर क्षेत्र नई बुलंदी पर होगा। बीते 10 साल में भारत 11वें नंबर से उठकर 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बन गया। आने वाले पांच साल में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा। उन्‍होंने कहा कि मोदी की गारंटी पर अगर देश और दुनिया का इतना भरोसा है तो इसके पीछे आपका अपनापन और बाबा का आशीर्वाद है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को अंगवस्त्र और कामधेनु की मूर्ति भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, बनास डेयरी के चेयरमैन शंकरभाई चौधरी ने प्रधानमंत्री को पगड़ी, शॉल एवं कामधेनु की मूर्ति प्रदानकर स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जीआई उत्पादों के पांच कारीगरों को अधिकृत उपयोगकर्ता का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया। इनमें जमालुद्दीन अंसरी, श्रीकांत मिश्र, सत्या सिंह, अमृता सिंह और सिद्धार्थ मौर्य शामिल रहे। पीएम मोदी ने इससे पहले बनास डेयरी का अवलोकन भी किया।