UP:  मौसम की मार से बेहाल किसानों के लिए योगी सरकार ने दिए ये निर्देश

UP Weather News: उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिये हैं। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी ने सभी जिलाधिकारियों, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदारों को मौके पर जाकर तत्काल सर्वेक्षण कर संबंधित विभाग को पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा है ताकि 24 घंटे में किसानों के खाते में क्षतिपूर्ति की धनराशि को भेजा जा सके। जानकारी के अनुसार आज सभी जिलों में सर्वे पूरा करा लेना है।

योगी ने अधिकारियों को क्षतिपूर्ति देने में लापरवाही न करने की हिदायत भी दी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बयान में कहा गया कि दो मार्च तक 50 जिलों के सात हजार से अधिक किसानों ने क्षतिग्रस्त फसलों के मुआवजे के लिए आवेदन किया है।

बयान के मुताबिक, सर्वेक्षण पूरा होने के बाद फसलों के नुकसान का मुआवजा बीमा कंपनियों के साथ राजस्व विभाग से भी दिया जाएगा। वहीं, राहत विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए अलर्ट जारी किया है और लोगों से अति आवश्यक कार्य पर ही घर से निकलने की अपील की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रमुख सचिव राजस्व पी. गुरु प्रसाद ने ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान की क्षतिपूर्ति का मुआवजा किसानों को देने के लिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदारों को मौके पर जाकर सर्वेक्षण करने के निर्देश दिये हैं।