21st Nov Header Ad

पश्चिमी यूपी में मौसम ने बदली करवट, सहारनपुर में हुई ओलावृष्टि

मेरठ और बिजनौर सहित कई जिलों में हुई बारिश

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण रविवार को मेरठ सहित पश्चिम यूपी के जिलों में बरसात हुई। साथ ही तापमान में गिरावट आ गई और नवरात्रि से ही गुलाबी ठंड शुरू हो गई। सोमवार को मेरठ सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश से तापमान में कमी आई है। वहीं, सहारनपुर जिले में ओलावृष्टि हुई, बिजनौर में तेज बारिश और मुजफ्फरनगर में भी बारिश हुई है। मेरठ में सोमवार सुबह से ही धूल भरी तेज आंधी के साथ दिन में ही अंधेरा छा गया और शहर व देहात सहित सभी जगह बूंदा-बांदी हुई।

सहारनपुर जिले में सोमवार सुबह तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। शहरी क्षेत्र में केवल बारिश लेकिन गंगोह, चिलकाना, नकुड और सरसावा क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि के बाद जिले में ठंडक बढ़ गई। उधर, सहारनपुर नगर क्षेत्र में सीवर डालने के लिए खुद के सड़कों पर कीचड़ बन गया, जिस कारण से भागीरो को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुजफ्फरनगर में एकाएक बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। खेतों में जलभराव के कारण सरसों की बुआई लेट होगी। इसके अलावा कोल्हू का संचालन भी रूक गया है। तेज हवा के साथ आई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

बारिश से तो खुशी, लेकिन ओलावृष्टि बन सकती है परेशानी

उधर, शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया है। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई बारिश जारी है। बिजनौर जनपद में सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव हुआ। सुबह साढ़े दस बजे आसमान में काले बादल छा गए थे। बादल छाने से दिन में अंधेरा हो गया। जनपद में बारिश के साथ हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। अंधेरा इतना था कि मानों दिन में ही रात हो गई और वाहन लाइटों के सहारे गंतव्य तक पहुंचे। जिले में कई जगह अच्छी बारिश भी हुई। किसान चिंतित है कि ऐसे मौसम में ओलावृष्टि न हो जाएं।