Weather Update: बलिया-बिजनौर में बारिश, आज कई जिलों में ओले और आंधी का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में पिछले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश और तेज रफ्तार हवाएं चलीं, तो कहीं मौसम ड्राई रहा. वहीं बारिश होने और हवा चलने से अधिकतम तापमान में कमी भी दर्ज हुई. जिससे लोगों को राहत मिली, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सबसे अधिक 17 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा बिजनौर में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वाराणसी, कुशीनगर और अन्य कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर जिलों में बादलों की आवाजाही के चलते अधिकतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की गई.

तीन दिन बाद चलेगी हीट वेव (लू): मौसम विज्ञान विभाग ने 9 जून से उत्तर प्रदेश में एक बार फिर हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है. 9 जून से लेकर आगामी 3-4 दिनों तक उत्तर प्रदेश वासियों को फिर से हीट वेव का दंश झेलना पड़ेगा. पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो जाने के बाद मौसम ड्राई रहेगा. अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे कुछ इलाकों में फिर से गर्म हवाएं चलेंगी.

कुशीनगर में तेज आंधी-झमाझम बारिश: जिले में शुक्रवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई. पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच मौसम के इस बदलाव से लोगों के चेहरे खिल उठे. शाम को आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं. इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया.

कैसा रहेगा आज का वेदर?: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते आज भी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश होने और तेज रफ्तार हवा चलने, ओला गिरने की चेतावनी जारी की गई है. वहीं प्रदेश से कई इलाकों में मौसम ड्राई रहेगा और तेज धूप निकलेगी. पारे में वृद्धि होगी वहीं बारिश होने और बादलों की आवाजाही होने के कारण कुछ इलाकों के तापमान में कमी भी हो सकती है.

बादल गरजने-बिजली गिरने का अलर्ट इन जिलों में: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आस पास के क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई है.

मौसम लखनऊ का: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. दिन में तेज धूप निकलेगी, अधिकतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

वाराणसी सबसे गर्म जिला: शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का वाराणसी सबसे गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को भी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश और तेज रफ्तार हवा और कहीं कहीं ओले गिरने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम होने के कारण रविवार से मौसम ड्राई रहेगा. आगामी 3 दिनों तक मौसम ड्राई रहने के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी. 9 जून के बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना है.