योगी सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को दिया दीपावली का उपहार

यूपी सरकार राज्य कर्मचारियों को देगी बोनस

लखनऊ: योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली का उपहार दे दिया। सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) में चार प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यानी महंगाई भत्ता 42 से बढ़ाकर 46 फीसदी किया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स अकाउंट से इसकी जानकारी देते हुए कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

सीएम ने एक्स अकाउंट पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के उत्कर्ष में अपना योगदान कर रहे सभी राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी निकायों, यूजीसी कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा पेंशनरों को मूल वेतन के 46 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार, सभी राज्य कर्मचारियों (अराजपत्रित)/कार्य प्रभारित कर्मचारियों, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा दैनिक वेतन भोगी कार्मिकों को 30 दिन की परिलब्धियों के बराबर (उच्चतम सीमा ₹7,000) बोनस प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।

दीपावली एवं छठ पर्व पर अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन निगम

लखनऊ: दीपावली एवं छठ पर्व पर घर आने वालों का सफर परिवहन निगम आसान करेगा। योगी सरकार की तरफ से अतिरिक्त परिवहन की व्यवस्था की गई है। 12 नवम्बर को दीपावली एवं 19 नवम्बर को छठ का पर्व है। इस दृष्टि से प्रदेश के लोगों को अच्छी परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके, इसके लिए परिवहन निगम अपनी तैयारियां कर रहा है। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि 10 से 20 नवम्बर तक अधिक संख्या में बसों के संचालन किये जाने के निर्देश दिये गए हैं।

उन्होंने बताया कि दीपावली एवं छठ के पूर्व एवं पश्चात की तिथियों में यात्रियों का आवागमन अधिक संख्या में होता है। प्रदेश के लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, परिवहन निगम इसका ध्यान रखेगा। उन्होंने कहा कि बसों के संचालन में वृद्धि सहित कर्मचारियों की उपलब्धता एवं उत्पादकता में वृद्धि हेतु परिवहन निगम इस अवधि में विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है। परिवहन मंत्री ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों को मुख्यतः दिल्ली, जयपुर, कानपुर, लखनऊ आदि नगरों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरों में जाना होता है, जिसके लिए पर्याप्त संख्या में बसों के संचालन की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि छठ का पर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है। लोग दूरदराज से इन क्षेत्रों में पहुंचते हैं। ऐसे यह निर्णय लिया गया है।