योगी सरकार को पीड़ित महिलाओं के दु:ख-दर्द से कोई फर्क नहीं पड़ता: नीलम यादव

लखनऊ: कानपुर में दो नाबालिग बहनों के साथ हुए सामूहिक दुष्‍कर्म और फांसी लगाने के बाद गुरुवार को बच्चियों के पिता को न्याय न मिलने की आस में आत्महत्या कर लिए जाने पर आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। आप महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने योगी सरकार कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की बात कहने वाले बड़बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहां हैं और कहां है उनका बुलडोजर?

नीलम यादव ने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों के साथ गैंगरेप हो रहे हैं, बेटियां फांसी लगा रही हैं, उनको न्याय क्यों नहीं मिल रहा है? न्याय न मिलने की उम्मीद में बच्चियों के पिता ने भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से देश का सर शर्म से झुक गया है। योगी सरकार का इतिहास रहा है कि हाथरस, उन्नाव से लेकर कानपुर तक दुष्‍कर्मियों को बचाने का काम किया है, जिससे ईंट-भट्टा ठेकेदार जैसे आरोपियों के हौसले बुलंद है।

महिलाओं की सुरक्षा होनी चाहिए पहली प्राथमिकता

आप महिला प्रकोष्‍ठ की प्रदेश अध्‍यक्ष नीलम यादव ने कहा कि प्रदेश में आए दिन बहन बेटियों के साथ पाप हो रहा है। हत्याएं बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। योगी सरकार को पीड़ित महिलाओं के दु:ख दर्द से कोई फर्क नहीं पड़ता। योगी सरकार ने दावे किये थे कि उत्तरप्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित रहेंगी, लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा है। मैं योगी जी से कहना चाहती हूं कि आपका पहला कर्तव्य है बहन-बेटियों की सुरक्षा, व कानून व्यवस्था को सही रखना, जिससे इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और अपराधियों में दहशत होनी चाहिए।