बिजली कटौती को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे युवा नेता ने पूर्व मंत्री से की अभद्रता, सपा के वरिष्ठ नेताओं में आक्रोश

कानपुर: केस्को के विरोध में मंगलवार को कैंडल मार्च निकाला गया। जब पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया से युवा नेता ने अभद्रता की तो सपाइयों में गुटबाजी दिखाई दी। महानगर अध्यक्ष फजल महमूद ने इसे मामूली घटना करार दिया, लेकिन पूर्व नगर अध्यक्ष अब्दुल मुईन खान समेत कई सपाइयों ने इसका खुला विरोध कर ऐसे लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

सपा की ओर से मंगलवार को केस्को की रीति-नीति और कार्यशैली के विरोध में कैंडल मार्च का एलान किया गया था। शाम को नवीन मार्केट से महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता केस्को एमडी के कार्यालय पहुंचे। एमडी को ज्ञापन सौंपे जाने से पहले पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता शिवकुमार बेरिया जब मांग पत्र पढ़ रहे थे तो एक महिला नेत्री उनके सामने आ गईं। बेरिया ने उन्हें टोका तो एक युवा नेता ने उनसे अभद्रता कर डाली और उल्टा-सीधा सुनाने लगे।

इन नेताओं की रही मौजूदगी

सपाइयों का कहना है कि मौके पर मौजूद महानगर अध्यक्ष ने युवा नेता को रोका-टोका भी नहीं। इस बारे में जब फजल महमूद से पूछा गया तो उन्होंने घटना से इंकार कर कहा कि जब बड़ा कार्यक्रम होता है तो कुछ गड़बड़ी हो जाती है, लेकिन पूर्व मंत्री का अपमान करने जैसी बात नहीं है। इस दौरान विधायक मो. हसन रूमी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र मोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक सतीश निगम, संजय सिंह, बंटी सेंगर, शैलेंद्र यादव, अपर्णा जैन, डा. नीतेंद्र यादव, आशीष चौबे समेत अन्य मौजूद रहे।