लखनऊ: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने गुरुवार को इंदिरा नगर में अभियान चलाकर ओम साईं ग्रीन सिटी समेत 70 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही नौ अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया. वहीं, दुबग्गा के सराई प्रेमराज में 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 04 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया.
प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय ने बताया कि इंदिरा नगर थानाक्षेत्र के ग्राम-रसूलपुर सादात में अभियान चलाया गया. इस दौरान अनूप कुमार, राजीव विश्वकर्मा, सीताराम, जगदीश यादव, सुरेश यादव, पंकज अग्रवाल, पप्पू, सोहन यादव, राकेश यादव, हरी राम यादव व अन्य द्वारा लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 09 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया. प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि दुबग्गा के सराई प्रेमराज क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान मोहम्मद मुनव्वर, बबलू, मोहम्मद रफीक, मोहम्मद नसीम व अन्य द्वारा लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 04 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया.
बता दें कि प्रदेश भर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान जारी है. शहरी और उससे सटे इलाकों में बिना नक्शा पास कराए अवैध प्लॉटिंग पर स्थानीय प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. साथ ही सरकारी जमीन पर से कब्जा भी हटाया जा रहा है. इस क्रम में दो दिन पहले ही कानपुर में भी बुलडोजर चला था. इसमें नेयवेली पावर प्लांट के सामने कानपुर–हमीरपुर हाईवे पर स्थित चारागाह की बेशकीमती जमीन को कब्जामुक्त कराया गया था. जिला प्रशासन के आला अफसरों के मुताबिक करीब 56 बिस्वा पशुचर भूमि की बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी है. जबकि इसके पहले 11 मार्च को 11 बीघे में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की गई थी. इसी तरह लखनऊ में भी कार्रवाई जारी है.