एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में रिकॉर्ड, यूपी में लगे 35 करोड़ पौधे; विभागवार आंकड़े देखें

लखनऊ/बस्ती/अलीगढ़ : पौधारोपण महाअभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ की कड़ी में यूपी सरकार के आह्वान पर बीते रविवार को प्रदेशभर में 35 करोड़ 27 लाख 89 हजार 926 पौधे रोपे गए. अभियान में न्यायाधीश, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सरकार के मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों के साथ आम लोगों ने भी योगदान दिया.

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जन भवन में सफेद चन्दन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर की सहजनवा तहसील में लिंक एक्सप्रेस वे के निकट पीपल, बरगद व नीम के पौधे रोपित कर त्रिवेणी वाटिका स्थापित कर पौधारोपण का शुभारम्भ किया. मुख्य न्यायाधीश व इलाहाबाद खण्डपीठ के न्यायमूर्ति ने प्रयागराज और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के लखनऊ खण्डपीठ के न्यायमूर्ति, अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों जज और वकीलों ने पौधारोपण किया. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आम का पौधा, विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने कुकरैल वन में हरिशंकरी (पीपल, बरगद, पाकड़) रोपित किया.

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी में त्रिवेणी वाटिका (पीपल, बरगद व नीम) का रोपण और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में अशोक पेंडुला और बाराबंकी में नीम का पौध रोपित किया. केन्द्रीय मंत्री व भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बागपत, मंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं, मंत्री कमलेश पासवान ने देवरिया में पौध रोपित कर अभियान को गति प्रदान की.

मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने देवरिया, आशीष पटेल ने मीरजापुर, सुरेश खन्ना ने शाहजहांपुर, स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन, योगेंद्र उपाध्याय ने आगरा, लक्ष्मी नारायण चौधरी ने मथुरा, जयवीर सिंह ने फिरोजाबाद, धर्मपाल सिंह ने बरेली, नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने प्रयागराज, अनिल राजभर ने चंदौली, राकेश सचान ने कानपुर नगर, एके शर्मा ने आजमगढ़, संजय निषाद ने अंबेडकरनगर, दारा सिंह, चौहान ने मऊ, सुनील कुमार शर्मा ने गौतम बुद्धनगर, मनोज पांडेय ने प्रतापगढ़, अनिल कुमार ने बिजनौर में पौधारोपण किया.

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिर्वतन विभाग अरुण कुमार सक्सेना ने गोरखपुर में नीम, राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिर्वतन विभाग, उत्तर प्रदेश केपी मलिक ने बागपत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर पंचवटी की स्थापना की. मुख्य सचिव एसपी गोयल और अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग वी. हेकाली झिमोमी और अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग एसएन साबत ने नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में मां की स्मृति व सम्मान में पौध रोपित किए.

अपर मुख्य सचिव, प्रमुख व सचिव स्तर के समस्त अधिकारियों ने पौधारोपण महायज्ञ के नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए सम्बन्धित जिलों में पौधरोपित करने के साथ ही आयोजित कार्यक्रमों को दिशा-निर्देश दिए. मुख्य वन संरक्षक अदिति शर्मा ने बताया कि पौधारोपण महायज्ञ ‘एक पेड़ मां के नाम‘ के अन्तर्गत वन एवं वन्यजीव विभाग व 26 राजकीय विभागों ने स्वयं व व्यापक जनसहभागिता से पौधों का रोपण किया गया.

बस्ती : योगी के मंत्री बोले-सपा पर्यावरण विरोधी

भारत रत्न सरदार भल्लभ भाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज परिसर में आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक विभाग के राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पौधरोपण करके सभी को पेड़ लगाने का संदेश दिया. इसके बाद कॉलेज के ऑडिटोरियम में दानिश आजाद ने कहा कि वृक्षारोपण आन्दोलन की तरह चलाना चाहिए. यूपी में 35 करोड़ पौधे लगाने का नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है.

मीडिया से बातचीत में दानिश आजाद ने कहा कि सपा ने शासनकाल में केवल भ्रष्टाचार किया, इसीलिए उनको चारों तरफ केवल भ्रष्टाचार ही दिखता है. वृक्षारोपण कार्यक्रम की आलोचना निंदनीय है. आज के दिन एक भी पेड़ न लगाने वाले सपा नेताओं का एक भी पेड़ न लगाना चिंताजनक बात है. समाजवादी पार्टी का पर्यावरण और जनता के मुद्दों से कोई लेना देना नहीं है. राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में कहा कि एसआईटी कार्रवाई भी कर रही है.

अलीगढ़ : बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने रोपे पौधे

अलीगढ़ की शेखा झील पर आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है. प्रदेश सरकार ने इस वर्ष एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है. अलीगढ़ में 42 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. जिसे जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों और आम नागरिकों की सहभागिता से पूरा किया जाएगा.

संदीप सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं. वृक्ष हमें स्वच्छ वायु, फल, औषधियां और प्राकृतिक संसाधन प्रदान करते हैं. प्राचीन काल में ऋषि-मुनि जड़ी-बूटियों के माध्यम से अनेक रोगों का उपचार करते थे. इसलिए औषधीय पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी समय की आवश्यकता है. उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की.