लखनऊ: दक्षिणी पश्चिमी मानसून की सक्रियता के कारण पिछले 4-5 दिनों से प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी इलाकों में झमाझम बारिश हुई. मानसून के कारण किसानों के चेहरे पर सुकून नजर आया, क्योंकि धान की फसल के लिए उत्तर प्रदेश के ज्यादातर किसान अभी भी मानसूनी बारिश पर ही निर्भर हैं. वहीं प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून का असर आज से पश्चिमी इलाकों में कम रहेगा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से ज्यादा भारी बारिश और कुछ इलाकों में मध्यम और तेज बारिश होने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के 7 जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.
भारी बारिश का अलर्ट इन जिलों में: देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और आस पास के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है.
पिछले 24 घंटे में 33% कम हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 11.1 के मुकाबले 7.5 मिमी रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 33% कम है. वहीं 1 जून से 12 जुलाई तक अनुमानित बारिश 191 मिमी के सापेक्ष 159 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 17% कम है.
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के टॉप 10 जिले: अंबेडकर नगर 53, बहराइच 43, बस्ती 46, गोरखपुर 61, संत कबीर नगर 38, मऊ 33, लखीमपुर खीरी 35, गोंडा 38, बलिया 38, सिद्धार्थ नगर 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम लखनऊ का: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. आसमान साफ रहेगा, अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उरई सबसे गर्म जिला: रविवार को भी उत्तर प्रदेश का उरई सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से लगभग 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि दक्षिणी पश्चिमी मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय है, जिसकी वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज भारी बारिश और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर हल्की बारिश हो सकती है, ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई बना रहेगा, दिन में बादलों की आवाजाही रहेगी.