भाजपा सांसद नीरज शेखर का अखिलेश पर हमला, बोले- 2027 में सत्ता का सपना कभी पूरा नहीं होगा

बलिया: 2027 में अखिलेश यादव का सत्ता में आने का सपना सपना ही रहेगा. तीसरी बार भी योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे. पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के शताब्दी वर्ष पर आयोजित गोष्ठी में बलिया पहुंचे राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने सपा पर तंज कसा. साथ ही कहा कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महंगाई कंट्रोल में रहेगी.

कहा कि जब जगह ही नहीं खाली है तो विपक्ष के नेता बार-बार एक ही बात क्यों कहते हैं. वहीं पश्चिम बंगाल से लगातार बांग्लादेशियों के भागने पर कहा कि हम लोग कई सालों से यह बात कहते आ रहे हैं, अब उसमें किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं है. पहले जो पार्टियां जीतती थीं तो बांग्लादेश से लोग यहां आते थे. जब भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है तो लोग यहां से बांग्लादेश जा रहे हैं.

कहा कि डेमोग्राफी को लेकर देश का हर नागरिक चिंतित है इसीलिए पश्चिम बंगाल में परिवर्तन हुआ है. गृहमंत्री ने साफ तौर पर कहा है कि हमारे बॉर्डर एरिया को मजबूत और सुदृद्ध करना है ताकि बाहर के लोग यहां ना आ सके. इसके लिए काम किया जा रहा है.

सांसद नीरज शेखर ने लगातार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ने पर कहा कि महंगाई हमेशा एक बड़ा मुद्दा होता है लेकिन प्रधानमंत्री इसे लेकर जागरूक हैं. वह हमेशा जानते हैं और समझते हैं कि देश का जो गरीब है, उसे कैसे सहयोग किया जा सके. कहीं भी महंगाई की मार लोगों तक नहीं पहुंचेगी. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महंगाई कंट्रोल में रहेगी.