यूपी के 45 जिलों में आज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानिए मौसम का ताजा अपडेट

लखनऊ: उतर प्रदेश में जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है. दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय होने के कारण अभी कुछ दिनों तक झिटपुट बरसात होती रहेगी. मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को भी उत्तर प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. करीब 20 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं मंगलवार को पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश बारिश हुई.

भारी बारिश का अलर्ट इन जिलों में अधिक: सोनभद्र, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है.

बादल गरजने/बिजली गिरने का अलर्ट इन जिलों में: बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र मे अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तर प्रदेश में अब तक 25% कम हुई बारिश: 1 जुलाई से 28 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 333 मिली मीटर के सापेक्ष 240 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 25% कम है.

लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी लखनऊ में मुख्यतः आसमान साफ रहेगा. बीच-बीच में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की और अधिक वृद्धि होकर 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

लखनऊ में 40% कम हुई बारिश: लखनऊ में 1 जून से 28 जुलाई तक अनुमानित 2294 मिनी के सापेक्ष 174 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 40% कम है.

बस्ती सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बस्ती सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 36.27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं गुरुवार से मानसून की सक्रियता में हल्की कमी आएगी. इसके बाद भी प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. वहीं 3 दिन बाद फिर से मानसून सक्रिय होगा और 4-5 दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.