लखनऊ:यूपी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का नामांकन कल यानी 14 दिसंबर को होना है। इसको लेकर पूरे प्रदेश में काफी चर्चा है। शनिवार को दोपहर में 12 बजे लखनऊ में भाजपा कार्यालय पर दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, साध्वी निरंजन ज्योति, ओपी सरकार में मंत्री दारा सिंह चौहान, बाबू राम निषाद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय पहुंचे। वहीं, विनोद तावड़े, पीयूष गोयल, पंकज चौधरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यालय पहुंच गए हैं। सूत्रों के अनुसार, भाजपा इन्हें प्रदेश में पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। उनके चेहरे पर दांव लगाने का मकसद आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के पीडीए के दांव को कमजोर करने की कोशिश भी मानी जा रही है।वहीं, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर कहा, “आज भाजपा के सभी सांसदों को बुलाया गया है, प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना है, उसमें सबको बुलाया गया है। अब आगे पार्टी तय करेगी किसको पर्चा दाखिल करना है, किसे नहीं।”पंकज कुर्मी (ओबीसी) समुदाय से आते हैं, जो यूपी में एक बड़ा और महत्वपूर्ण वोट बैंक है। यूं तो पार्टी में पहले से ही कई बड़े ओबीसी चेहरे हैं पर पंकज पर दांव नई ऊर्जा और सोच ला सकती है।
वहीं, बीते शुक्रवार यानी 12 दिसंबर को बीएल संतोष की अगुआई में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने चुनाव की प्रक्रिया को लेकर बैठक भी की थी। इनको सौंपी गई जिम्मेदारी
चुनाव संपन्न कराने के लिए दोनों उप मुख्यमंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को नामांकन की व्यवस्था केशव प्रसाद मौर्य व प्रदेश महामंत्री संजय राय संभालेंगे। रविवार को मतदान कराने की जिम्मेदारी ब्रजेश पाठक के साथ प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को दी गई है। रविवार को केंद्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों समेत करीब 3500 पदाधिकारियों को बुलाया गया है।