लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों फिर से गर्मी लौट आई है. तेज धूप निकलने के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है. ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य और सामान्य से ऊपर चल रहे हैं. मंगलवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म जिला रहा. वहीं कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हुई लेकिन ज्यादातर जिलों में गर्मी का सितम जारी है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी 3 से 4 दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहेगा तेज धूप निकलेगी.
इन जिलों में हो सकती है बारिश: मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कन्नौज, इटावा, कानपुर देहात, जालौन, कानपुर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी.
बादल गरजने-बिजली गिरने की संभावना इन क्षेत्रों में अधिक: आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा, दिन में तेज धूप निकली. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य है.
प्रयागराज सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम ड्राई बना हुआ है, जिसकी वजह से आसमान साफ है और तेज धूप खिल रही है. तेज धूप होने के कारण भीषण गर्मी जारी है. आगामी 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने और कुछ जगहों पर तेज रफ्तार हवा भी चल सकती है, ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई रहेगा तेज धूप खिलेगी.