सदस्यता अभियान के जरिए भाजपा ने लोकसभा चुनाव के परिणाम को पलटने की रणनीति पर किया काम शुरू ,जानिए पूरा प्लान

 

उत्तर प्रदेश भर में दो सितंबर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान के जरिए भाजपा ने लोकसभा चुनाव के परिणाम को पलटने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए पार्टी ने हर बूथ पर लोकसभा चुनाव में मिले मतों का कम से कम 75 प्रतिशत नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। वैसे तो पार्टी ने पहले से ही हर बूथ पर कम से कम 200-200 सदस्य बनाने का रखा ही है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की बैठक हुई, जिसमें सभी जिला प्रभारियों को 2 से 4 सितंबर तक मंडल और जिला मुख्यालय पर रात्रि निवास करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में पूरे प्रदेश में 31 अगस्त को बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान को लेकर कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी बैठक में चर्चा हुई। इस मौके पर पदाधिकारियों व प्रभारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि सदस्यता अभियान को एक महा जनसम्पर्क अभियान के रूप में लेते हुए जन-जन तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि फील्ड में उतरकर सदस्य बनाएं। उन्होंने सदस्यता अभियान की झूठी रिपोर्टिंग न करने की सलाह देते हुए कहा कि जितने वास्तविक सदस्य बनाएं, उतने ही बताएं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल लगातार झूठ और भ्रम फैलाकर समाज को भ्रमित कर रहे हैं। इसलिए अभियान के दौरान विपक्षी साजिशों को भी बेनकाब करें। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने कहा कि पार्टी की विचारधारा और नीति के आधार पर समाज के सभी वर्गों के लोगों को सदस्य बनाया जाना चाहिए। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं सहित प्रबुद्ध वर्ग और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को विशेष रूप से सदस्य बनाने को कहा।

2.72 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
बैठक में तय किया गया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिले 3.62 करोड़ से अधिक वोट का 75 प्रतिशत नए सदस्य बनाने हैं। इस लिहाज से 2.72 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में कहा गया है कि यदि हम इस लक्ष्य को साध लेंगे तो इन सदस्यों के जरिए विधानसभा के उप चुनाव के साथ ही आगामी दिनों में होने वाले पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में लोकसभा में मिली हार का बदला लिया जा सकता है।