गर्मी से यूपी-बिहार में 107 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने नौ राज्यों में जारी किया हीटवेव का अलर्ट

नई दिल्‍ली: भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्‍ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और बिहार में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार (17 जून) को प्रयागराज लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर था, जहां तापमान 47 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया है।

यूपी में 24 घंटे में लू से 90 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, प्रशासन इसे मानने से इनकार कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा की मौतें गर्मी की वजह से हुई हैं, लेकिन डॉक्टर्स का साफ कहना है कि अधिकतर मौतें हीटवेव और हीट स्ट्रोक से हुई है।

बिहार में 17 लोगों की मौत

उधर, बिहार में सोमवार (17 जून) को लू से 17 लोगों की मौत हुई। हालांकि, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। औरंगाबाद में सोमवार को तापमान 46.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। छत्तीसगढ़ में गर्मी को देखते हुए समर वैकेशन 25 जून तक बढ़ाई गई हैं। यहां स्कूल 26 जून से खुलेंगे। ओडिशा में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल नहीं खोले जा रहे हैं।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून के चार दिन में पहुंचने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।