लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन (I.N.D.I.A. Alliance) के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल हो गया है। लंबी जद्दोजहद के बाद बुधवार (21 फरवरी) को सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर समझौता हो गया है। प्रदेश में कांग्रेस 17 सीटों पर, जबकि सपा 63 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अपने कोटे से सपा कुछ छोटे दलों को भी सीट दे सकती है।
वहीं, कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी मीडिया के सामने आए। उन्होंने गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि यूपी में 7 साल बाद कांग्रेस और सपा दोबारा एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि इससे पहले 2017 में दोनों दल विधानसभा चुनाव में साथ आए थे।
मीडियाकर्मियों से बातचीत में सपा नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि लखनऊ में हम आपसे बात कर रहे हैं, लेकिन भारत को बचाने का संदेश पूरे देश में जा रहा है। यूपी में 80 लोकसभा सीटें हैं। अखिलेश यादव ने बार-बार कहा है कि 2014 में यूपी से ही भाजपा आई थी और 2024 में यहीं से भाजपा सत्ता से बाहर जाएगी।
प्रियंका गांधी ने की मध्यस्थता
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का आभार व्यक्त करता हूं। इस गठबंधन को लेकर देश बहुत समय से उम्मीद लगाए बैठा था। इसके अलावा कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि प्रियंका गांधी ने इस गठबंधन को बनाने में अहम भूमिका अदा की है।
यूपी में इन 17 सीट पर लड़ेगी कांग्रेस
रायबरेली
अमेठी
कानपुर नगर
फतेहपुर सीकरी
बांसगांव
सहारनपुर
प्रयागराज
महाराजगंज
वाराणसी
अमरोहा
झांसी
बुलंद शहर
गाजियाबाद
मथुरा
सीतापुर
बाराबंकी
देवरिया