लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मंझनपुर के सपा विधायक इंद्रजीत सरोज ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। सरोज ने कहा कि भाजपा में जाने के बाद सारे भ्रष्टाचारी बेदाग हो जाते हैं। जब तक वह विपक्ष में रहते हैं तब तक वह भ्रष्ट होते हैं। भाजपा में जाते ही उनके दाग धुल जाते हैं। इंद्रजीत सिराथू में आयोजित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि असल में जो भ्रष्टाचारी हैं वह भाजपा में ही हैं। भाजपा चुनाव जीतने के लिए विपक्ष के नेताओं को ईडी और सीबीआई का डर दिखा रही है। अब यह हथकंडा ज्यादा दिनों तक चलने वाला नहीं है। जनता ने 2024 में भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना लिया है।
एक सवाल के जवाब में पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्तार अंसारी ने कई बार तबीयत खराब होने और जहर देने की शिकायत की लेकिन सरकार ने जांच नहीं कराई। मुख्तार को जेल में पूरी सुरक्षा नहीं दी गई। जिससे उनकी मौत हो गई। उनकी मौत सरकार की नाकामी है। कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार सत्ता में आने के बाद असली भ्रष्टाचारियों के कारनामे उजागर किए जाएंगे।