बरेली: अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट का इंतजार कर रहे यात्रियों को रेलवे ने अच्छी सुविधा दी है। रेलवे 27 अप्रैल से 30 जून तक आनंद विहार से अयोध्या के बीच विशेष ट्रेन का संचालन करेगा। यह ट्रेन अप-डाउन में 19-19 फेरे लेगी। रेलवे ने मंगलवार को विशेष ट्रेन की समय सारणी जारी कर दी।
बरेली होते हुए अयोध्या के लिए पांच नियमित ट्रेनें हैं। इसके अलावा चार ट्रेनों का संचालन सप्ताह में एक से तीन दिन तक किया जाता है। इनमें से किसी ट्रेन में अगले दो महीने तक कन्फर्म टिकट नहीं है। रामनवमी से पहले ही अयोध्या की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी है। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। ऐसे में यह विशेष ट्रेन रामभक्तों को सहूलियत देगी।
बरेली जंक्शन पर ठहराव, लेकिन शाहजहांपुर में नहीं
04096 आनंद विहार-अयोध्या विशेष ट्रेन का संचालन 27 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक शनिवार और सोमवार को किया जाएगा। यह ट्रेन सुबह नौ बजे आनंद विहार से चलने के बाद गाजियाबाद, मुरादाबाद होते हुए दोपहर 1:40 बजे बरेली आएगी। इसके बाद शाम 6:20 बजे लखनऊ और रात 10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। शाहजहांपुर में इस ट्रेन को ठहराव नहीं दिया गया है।
वापसी में 04095 अयोध्या-आनंद विहार विशेष ट्रेन का संचालन 28 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक रविवार और मंगलवार को किया जाएगा। यह ट्रेन सुबह नौ बजे अयोध्या से चलने के बाद शाम 5:47 बजे बरेली आएगी और रात 10:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। अयोध्या की सभी ट्रेनें फुल होने के बाद 14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस में कुछ सीटें उपलब्ध हैं। इस ट्रेन का बरेली से नियमित संचालन किया जाता है।
अयोध्या जाने वाली ट्रेनों की 30 मई तक स्थिति
13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस प्रतिदिन
स्लीपर श्रेणी में नो रूम, एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणियों में भी लंबी वेटिंग।
13152 कोलकाता एक्सप्रेस प्रतिदिन
कई तारीखों में स्लीपर श्रेणी नो रूम, एसी इकॉनमी, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में लंबी वेटिंग।
13010 योगनगरी-हावड़ा एक्सप्रेस प्रतिदिन
स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 400 के पार, एसी द्वितीय और तृतीय श्रेणी में भी वेटिंग 100 तक पहुंचीं।
14206 अयोध्या एक्सप्रेस प्रतिदिन
स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 200 तक पहुंची, एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय में भी कंफर्म टिकट नहीं।
5623 कामाख्या एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को
आठ मई के बाद एसी प्रथम श्रेणी में चुनिंदा सीटें। इसके पहले सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग।
18104 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार
किसी भी श्रेणी में अयोध्या के लिए कन्फर्म टिकट नहीं। सभी में लंबी वेटिंग।
15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार
स्लीपर श्रेणी में 23 अप्रैल तक नो रूम, इसके बाद लंबी वेटिंग। एसी श्रेणियों में भी कन्फर्म टिकट नहीं।
14650 सरयू यमुना एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार
सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग, एसी प्रथम में 28 अप्रैल के बाद अधिकतम चार सीटें उपलब्ध।