मायावती ने स्वामी प्रसाद मौर्य को दिया झटका, कुशीनगर से उतारा अपना प्रत्‍याशी

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बहुजन समाज पार्टी ने गुरुवार (9 मई) को अपने दो और प्रत्‍याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। बसपा ने इस लिस्ट में कुशीनगर और देवरिया सीट पर अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है। इस लिस्ट के सामने आते ही स्वामी प्रसाद मौर्य को बड़ा झटका लगा है, क्‍योंकि बीते कई दिनों से उनके बीएसपी के साथ जाने और कुशीनगर से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी।

दरअसल, कुछ दिनों से स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी और बीएसपी के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही थीं। मगर, गुरुवार को जब बसपा ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया तो इन अटकलों पर विराम लग गया। हालांकि, इससे पहले मंगलवार को ही स्वामी प्रसाद मौर्य ने ऐलान कर दिया था कि वह कुशीनगर सीट से नौ मई को नामांकन करेंगे।

मायावती ने स्वामी प्रसाद मौर्य को दिया झटका

इन दोनों सीटों पर सभी पार्टियों ने उतारे प्रत्‍याशी

बसपा ने आज अपनी दूसरी लिस्ट में दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी ने कुशीनगर सीट से शुभ नारायण चौहान और देवरिया सीट से संदेश यादव उर्फ मिस्टर को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने कुशीनगर सीट से विजय दुबे और इंडिया गठबंधन के तहत सपा के टिकट पर अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू सैंथवार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, देवरिया सीट से भाजपा ने शशांक मणि त्रिपाठी और इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस के टिकट पर अखिलेश प्रताप सिंह चुनावी मैदान में हैं। इन दोनों ही सीटों पर सातवें और अंतिम चरण में एक जून को वोट डाले जाएंगे।