अब विकास की बात होती है, तो काशी और अयोध्या की भी चर्चा होती है: पीएम मोदी

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। इस दौरान जौनपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आपका ये आशीर्वाद, आपका स्नेह ये दिखाता है कि उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन वालों के लिए एक सीट भी जितना मुश्किल कर दिया है। चार जून को जौनपुर में इतनी इमरती बटेगी कि सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। ये चुनाव देश के प्रधानमंत्री चुनने का अवसर है। ऐसा प्रधानमंत्री जो एक दमदार सरकार चलाए, जिस पर दुनिया रौब ना जमा सके, लेकिन वो भारत के दमखम से दुनिया को परिचित कराए, इसलिए जब आप जौनपुर से हमारे कृपाशंकर सिंह को वोट देते हैं, मछलीशहर से बीपी सरोज को वोट देते हैं, तो आपका वोट दमदार सरकार बनाता है। वो वोट जो इनको देंगे वो सीधा-सीधा मोदी के खाते में जाएगा।

पीएम ने कहा, “दमदार सरकार काम कैसे करती है, ये आपने काशी में देखा है। ये आप अयोध्या में होते देख रहे हैं। पहले लोग विकास की बातें करते थे, तो चर्चा कभी दिल्ली की होती थी, तो कभी मुंबई की। अब देश-दुनिया काशी की चर्चा करता है, अयोध्या की भी चर्चा करता है। विकसित भारत बनाना ये प्रण है और विकसित भारत का ग्रोथ इंजन पूर्वांचल होगा, पूर्वी भारत होगा, इसलिए जब मैं एक्सप्रेसवे बनाता हूं तो जौनपुर वालों को बड़ा लाभ होता है, जब मैं बनारस के हवाई अड्डे अपग्रेड करता हूं, तो भी यहां के लोगों को फायदा होता है। ये पूरा क्षेत्र हेल्थ और एजुकेशन का एक बड़ा मजबूत हब बन रहा है। आने वाले पांच सालों में मोदी-योगी पूर्वांचल की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाले हैं।”

हमलोग का रास्ता संतुष्टीकरण है: पीएम मोदी

पीएम ने कहा, “बीजेपी युवाओं के अकांक्षा को समझती है। ये भाजपा है जिससे मेडिकल की परीक्षा में ओबीसी आरक्षण लागू किया। हमने सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10% आरक्षण दिया। पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कानून मोदी सरकार ने बनाया है। हमारी सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज बना रही है। हम रिकॉर्ड संख्या में आईआईटी, आईआईएम और एम्स बना रहे हैं और इस महाअभियान का सबसे ज्यादा फायदा युवाओं को मिल रहा है। इस चुनाव में देश के सामने दो मॉडल है- एक मोदी, भाजपा एनडीए है। हमलोग का रास्ता संतुष्टीकरण है। हर किसी को संतुष्टि देना। दूसरी तरफ- सपा, कांग्रेस हो घमंडिया गठबंधन, उनका मॉडल तुष्टीकरण मॉडल है। देश में जब सपा-कांग्रेस का तुष्टीकरण मॉडल चलता था, तो सिर्फ और सिर्फ कुछ परिवारों को ही लाभ हुआ। सामाजिक न्याय के नाम पर दलित, गरीब, पछड़ों के साथ छल हुआ है, अपराध हुआ है। कच्चे घर, गंदा पानी, खुले में शौच, बिजली और गैस का अभाव, ना जाने कितने अपमान। ”

“ये धर्म के आधार पर देश में आरक्षण की वकालत करते हैं”

पीएम ने कहा, “इस देश को 500 साल के इंतजार के बाद राम मंदिर मिला की नहीं, गर्व हुआ कि नहीं हुआ। पूरा देश खुश है, लेकिन ये परिवारवादी गालियां दे रहे हैं। सपा के शहजादे के चाचा राम मंदिर को कहते हैं कि बेकार है। सपा के शहजादे काशी का मजाक उड़ाते हैं। ये अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए हर हद पार कर रहे हैं। मुझे हैरानी है कि ये 21वीं सदी है और ये तीन तलाक का झंडा लेकर घूम रहे हैं। ये समझने को तैयार नहीं। ये आर्टिकल- 370 हटाया, ये फिर से लाने की बात करते हैं। ये धर्म के आधार पर देश में आरक्षण की वकालत करते हैं। ये संविधान बदलकर एससी/एसटी को जो आरक्षण मिला है उसका हक छीनना चाहते हैं। ये काम उन्होंने कर्नाटक में कर दिया है। रातों-रात सभी मुसलमानों को एक हुक्म जारी कर ओबीसी बना दिया। ये मॉडल पूरा देश में लागू करना चाहते हैं। क्या मेरे जीते जी ये कर पाएंगे? मैं जिंदा हूं तब तक मैं ये राजनीति नहीं करने दूंगा।”