फतेहपुर में साध्वी निरंजन ज्योति को लेकर अखिलेश यादव ने दे दिया विवादित बयान, पढ़ें खबर

फतेहपुर: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी घमासान लगातार जारी है। इसी क्रम में फतेहपुर जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे अखिलेश यादव ने साध्वी निरंजन ज्योति को लेकर बड़ा बयान दे दिया। उन्‍होंने फतेहपुर सीट से भाजपा प्रत्‍याशी साध्वी निरंजन ज्योति को घटिया, खराब और खटारा इंजन तक बता दिया। इस बयान के बाद अखिलेश यादव अब विवादों में घिर गए हैं।

दरअसल, फतेहपुर सीट से सपा प्रत्याशी नरेश उत्तम पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने अखिलेश यादव पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बताओ फतेहपुर वाला इंजन जो बार-बार चीख रहा है। वो घटिया इंजन..खराब इंजन है या नहीं…बर्बाद इंजन है या नहीं।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने आगे कहा कि ये जो खटारा इंजन है फतेहपुर वाला, इसके लिए हम एक गाना लेकर आए हैं। दिल्ली में बना है ये गाना, आपने सुना होगा। बताओ ऐसे सांसद को हटाओगे या नहीं। अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 साल से डबल इंजन की सरकार जिले से बारिश का गंदा पानी भी नहीं निकाल पाई है।