जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान; सीएम योगी बोले- जीएसटी सुधारों के फायदों को जन-जन तक पहुंचाना लक्ष्य

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एनडीए के सभी विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने ‘जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान’ के पहले चरण (22 से 29 सितंबर 2025) की रूपरेखा प्रस्तुत की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभियान का लक्ष्य जीएसटी सुधारों के फायदों को जन-जन तक पहुंचाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है. मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया, ताकि त्योहारी सीजन में व्यापारियों और ग्राहकों को इसका पूरा लाभ मिले.

‘दुकानदारों से संवाद करेंगे विधायक-मंत्री’ : मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी आर्थिक प्रबंधन का परिणाम है. यह सुधार व्यापार को आसान बनाने, टैक्स का बोझ कम करने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए है. अभियान के तहत सभी सांसद, विधायक, मंत्री और पार्षद अपने क्षेत्रों में रोजाना 1-2 घंटे बाजारों में जाकर दुकानदारों और ग्राहकों से संवाद करेंगे. वह दुकानदारों को गुलाब का फूल भेंटकर जीएसटी सुधारों के लिए धन्यवाद देंगे और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह करेंगे.

‘हर दुकान पर लगाया जाएगा पोस्टर’ : उन्होंने कहा कि हर दुकान पर ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर लगाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी उत्पाद अपनाने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा. त्योहारी खरीदारी के दौरान ग्राहकों को बताया जाएगा कि जीएसटी रिफॉर्म से सामान सस्ता हुआ है, जिससे उनकी क्रय शक्ति बढ़ी है. ग्राहकों के छोटे-छोटे वीडियो बनाए जाएंगे, जिसमें वे सस्ते सामान के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देंगे.

 

मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में स्थानीय निकायों, व्यापारिक संगठनों, किसानों और आम जनता से मिलकर जीएसटी सुधारों के लाभ बताएं. इससे वस्तुएं सस्ती होंगी, निवेश बढ़ेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे. उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अगले सात दिन का कार्यक्रम तय कर इसे तत्परता से लागू करने को कहा. यह अभियान न केवल आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देगा, बल्कि स्वदेशी को प्रोत्साहन देकर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देगा. मुख्यमंत्री ने जनता के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की.