खुशखबरी! सीएम जनता सेवा बसों के 600 चालक-परिचालकों का बढ़ा मानदेय

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मुख्यमंत्री जनता बस सेवा का संचालन करने वाले चालक परिचालकों को बड़ा तोहफा दिया है. इन बसों पर तैनात ड्राइवर कंडक्टरों को 14 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से मानदेय में बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई है. यानी अब रोडवेज के विभिन्न रूटों पर संचालित होने वाली बसों के चालक परिचालकों के समान ही मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता बस सेवा के ड्राइवर कंडक्टर भी बराबर मानदेय पाने के हकदार होंगे. परिवहन निगम प्रशासन के इस कदम से अब 600 के करीब ड्राइवर कंडक्टरों को फायदा होगा.

उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में चल रहीं बसों के संचालन को और अधिक बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. इस योजना के अंतर्गत बसों के संचालन हेतु चालकों/परिचालकों को दिए जाने वाले मानदेय में 14 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है. यह वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जनता सेवा में अभी तक संविदा चालकों और परिचालकों को प्रति किलोमीटर 2.18 रुपए की दर से भुगतान किया जा रहा था. नए निर्णय के अनुसार अब उन्हें 2.32 रूपये प्रति किमी की दर से भुगतान किया जाएगा. परिवहन निगम की तरफ से उनके मानदेय में 14 पैसे प्रति किमी की वृद्धि की गई है. इस निर्णय से बस संचालकों और संबंधित सेवा प्रदाताओं को आर्थिक संबल प्राप्त होगा, जिससे बसों का नियमित, सुरक्षित व सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा.

 

 

आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. उनका कहना है कि राज्य सरकार जनसाधारण को किफायती, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस दिशा में आवश्यक कदम उठाती रहेगी. ग्रामीण अंचलों में संचालित मुख्यमंत्री जनता सेवा की बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में 20 प्रतिशत कम है, इससे यात्रियों को कम किराए में अपने गंतव्य तक आवागमन की सुविधा मिल रही है.

प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जनता सेवा बस योजना ग्रामीण परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनता सेवायोजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 20 क्षेत्रों में 395 मार्गों पर कुल 299 बसों का संचालन परिवहन निगम कर रहा है.