लखनऊ: संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने के विरोध में मंगलवार को बीजेपी और एनडीए की महिला कार्यकर्ताओं का आक्रोश लखनऊ की सड़कों पर दिखा. मुख्यमंत्री निवास से विधान भवन तक निकले इस ऐतिहासिक मार्च में लगभग 25000 महिलाओं ने भाग लिया. जिसको मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने संबोधन किया. सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं की ये ताकत कांग्रेस और सपाई को एहसास दिला देगी कि उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है.
कालिदास मार्ग पर जुटे सभी नेता
बता दें कि सुबह से ही हजारों की संख्या में महिलाएं पांच कालिदास मार्ग पर इक्कठा होने लगी थी. यहां बने मंच पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से और भारतीय जनता पार्टी से बड़े नेता बैठे हुए थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, मंत्री आशीष पटेल, मंत्री ओमप्रकाश राजभर मौजूद रहे.
जन आक्रोश महिला पदयात्रा
सीएम योगी ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नए संशोधन को बाधित करने और सदन में उस प्रस्ताव को गिराने के खिलाफ देशभर में जो आक्रोश रैली निकल रही है. उसी कड़ी में ये आक्रोश रैली मंगलावर को उत्तर प्रदेश में भी निकाली गई. जिसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके और इंडी गठबंधन के उन सभी सहयोगियों का विरोध करने के लिए मातृशक्ति की ओर से यह प्रदर्शन किया गया.
महिला विरोधी पार्टी है कांग्रेस- समाजवादी पार्टी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इनके सामने प्रधानमंत्री मोदी ने जो विकल्प दिया था अपनी महिला विरोधी छवि को समाप्त करने के लिए, उसका इन्होंने नाजायज दुरुपयोग करने का प्रयास किया है. इसीलिए देशभर में आधी आबादी कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन कर रहा है. पिछले 11-12 वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर जो परिवर्तन देखने को मिला है, उसमें उन्होंने सदैव इस बारे में कहा है कि देश के अंदर केवल चार जातियां हैं.
उनमें पहली जाति है महिला की, दूसरी जाति है गरीब की, तीसरी जाति है युवा की और चौथी जाति है किसान की और उन्होंने सभी नीतियों को इन्हीं चार के इर्द-गिर्द केंद्रित करते हुए देश को आज आर्थिक उन्नति के एक नए सोपान तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश के अंदर इंफ्रास्ट्रक्चर के इस नए युग का कार्य हो या फिर देश के अंदर समाज के अलग-अलग तबके के उत्थान के लिए चलने वाली योजनाएं. इन सबका केंद्र बिंदु आधी आबादी नारी शक्ति है. जिसके सम्मान, जिसकी सुरक्षा और जिसके स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रम चले हैं.