लखनऊ: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया. ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरा मंत्रिमंडल उमड़ पड़ा.
मुख्यमंत्री योगी सहित सभी मंत्री यहां भक्ति भाव में डूबते-उतराते नजर आए. न केवल मंत्रिमंडल के सदस्य बल्कि वरिष्ठ अधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भी सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए.
उपमुख्यमंत्री के आवास पर मंगलवार को विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा. मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने भी यहां उपस्थिति दर्ज कराई.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि आज आवास पर ज्येष्ठ माह एवं पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित विश्व विख्यात भजन गायक अजय याग्निक के मुखारबिंद से सुंदरकांड पाठ के पावन कार्यक्रम में पधारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सुंदरकांड पाठ का श्रवण किया.
उन्होंने बताया कि इस पुनीत अवसर पर मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री ओम प्रकाश राजभर, सांसद, राज्यसभा डॉ. दिनेश शर्मा, राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार बलदेव सिंह औलख, महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल, अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे.
VIP मूवमेंट से सड़क जाम: उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के घर पर सुंदरकांड और पूजापाठ का आयोजन रहा. VIP मूवमेंट की वजह से बंदरियाबाग और आसपास के मार्गों को डेढ़ घंटे तक ब्लॉक कर दिया गया. खुलने पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया. कई मार्गों पर जाम लगा रहा. शाम 7 बजे के लोहिया पथ तक जाम लगा रहा. पुलिस की तमाम कोशिशें बेकार रहीं.